कल स्वामी जी से मुलाकात हुई तो उन्होने ब्लौग लिखने के कई तरीके बताए. कई नयी बातें सीखने को मिली. य़े सत्य है कि आज भी हिन्दी चिट्ठाकरिता में उस विविधता की कमी है जो अन्य भाषाओं के ( विशेषकर अंग्रेजी ) के चिट्ठों में मिलती है लेकिन विकसित और विकाशसील का अंतर समाप्त होने पर ये विविधता अपनी हिंदी में भी आ जायेगी. स्वामी जी के लेख से प्रेरित हो आज कुछ नया (और मौलिक ) लिखने का प्रयास कर रहा हूं.

कुछ बातें यादों के रूप में आपसे चिपक जाती हैं . उनको आप अपने आप से बाहर नहीं निकाल सकते . उन्हीं यादों को जब आप मुड़कर देखते हैं तो “नराई” ( नॉस्टालजिया ) जैसा भाव पैदा होता है. ऎसे ही किसी “नराई” के बारे में लिखने बैठा हूं पर पहले कुछ और…..

हम , लोगों को जज करके एक खांचे में फिट कर देते हैं और फिर उन्हें उस खांचे से बाहर नहीं देख पाते . बहुत से सृजनात्मक माध्यम जैसे लेखन और फिल्म में यह बात अधिकांशत: लागू होती है . हम भारतीयों में यह खांचा बनना शुरु होता है किसी व्यक्ति के नाम से जिसमें उसका सर-नेम (जाति) भी आ जाती है .यदि मैं अपने ‘काकेश’ नाम से मुसलमान या हिन्दू विरोधी बात करूं तो पाठक उसे किसी और नजर से देखेंगे और यदि ठीक वही लेखन मैं किसी और नाम जैसे ‘क़माल अशरफ़’ से करूं तो उसी बात को पाठक किसी और नजरिये से देखेंगे .और फिर दूसरा खांचा बनता है व्यक्ति के व्यवसाय (प्रोफेशन) से .यदि मैं बोलूं कि मैं डाक्टर हूं तो मेरे स्वास्थ्य संबंधित लेखों की उपयोगिता लोगों की नजर में बढ़ जाएगी. आप कहेगें कि ये बात तो ठीक ही है कि एक डाक्टर की बात ज्यादा प्रमाणिक लगेगी ही .हाँ यह ठीक है पर आप तो लेखक की कही बात का ही भरोसा कर रहे हैं ना .कोई उसका प्रमाणपत्र तो सत्यापित नही कर रहे. ऎसे बहुत से खांचे हैं .एक ऎसा ही खांचा है अपने जन्मस्थान का . बहुत से हिन्दी चिट्ठों में भी ये खांचा प्रयोग होते दिखा. मैं यदि कानपुर की ठग्गू के लड्डू और बदनाम कुल्फी की दुकान या परेड के बाहर बिकती हुई सस्ती किताबों या फिर आर्यनगर की बिरयानी का जिक्र करने लगूं तो लोग समझेंगे कि मैं कान्हेपुर का हूं और फिर मेरे लेखन को भी स्तरीय समझने लगेगें :-) . हाँलाकि देर सबेर अच्छा लेखन ही सराहा जाता है लेकिन चिट्ठाकारिता जगत में जहां एक रचना की उम्र बहुत ही छोटी होती है वहां ये खांचे लोगों की पठनीयता निर्धारित करते हैं और ब्लौगजगत में सफलता का पैमाना अच्छा लेखन नहीं अच्छी हिट्स होती हैं . अच्छी हिट्स ही अधिक टिप्पणीयों की जननी है और अधिक टिप्पणीयां ही आपकी लोकप्रियता और कमोबेश आपके अच्छे लेखन का मानक. यानि परोक्ष रूप से हम भी ये मानने लगे हैं अच्छा लेखन वही है जो ज्यादा पढ़ा जा रहा है बिल्कुल फिल्मी दुनिया की तरह .जहां बाक्स ऑफिस की सफलता ही एक अच्छी फिल्म की पहचान है ( जहां दादा कोंडके की “अंधेरी रात में….” गुरुदत्त की “कागज के फूल” से ज्यादा अच्छी फिल्म है ) . ये व्यवसायीकरण है..तो क्या हम हिन्दी चिट्ठाजगत को भी व्यवसायीकरण की ओर ले जा रहे हैं.

अभी हिंदी चिट्ठा जगत में लिखने वाले कम हैं किंतु हमारे आज के छोटे-छोटे कुछ कदम हमारे चिट्ठा जगत के भविष्य को निर्धारित करेंगे. जैसा कि कयास लगाया जा रहा है कि आने वाले समय में हिन्दी माध्यम से लिखने वालों की संख्या बहुत अधिक हो जायेगी तो नये चिट्ठाकारों के लिये हमारे ये मानक उनके लिखने के तौर तरीके निर्धारित करेंगे. यदि हम अंग्रेजी भाषा के ब्लौग्स को ही फॉलो करेंगे तो फिर यहां भी लोग उन विषयों को ज्यादा लिखेंगे जिनसे पाठकों का ध्यान आकर्षित किया जा सके ( अभी भी भड़काऊ शीर्षक लगाकर अपने चिट्ठों में खीचने वाले चिट्ठाकारों की कमी हिन्दी चिट्ठाजगत में नहीं है ) . तब फिर लोग हिट्स के लिये ही लिखेंगे फिर स्वांत: सुखाय वाली भावना गौण हो जायेगी …तो क्या ऎसे में स्तरीय लेखन संभव होगा.

बहुत से लोग ये तर्क देंगे कि ये सब तो अंग्रेजी चिट्ठा जगत में ऎसे ही चल रहा है .य़े सच है इसीलिये वहां पौर्न लिखने वाले चिट्ठाकार ज्यादा चर्चा में रहते हैं और उनमें से कई व्यवसायिक रूप से ये लेखन कर रहे हैं और फिर ये आवश्यक तो नहीं कि जो अंग्रेजी चिट्ठा जगत में हो रहा है हम भी उसी का पालन करें हमारा देश भारत तो विश्व-गुरु रहा है कई मायनों में..तो क्यों ना यहां भी हम कुछ नया और मौलिक इस चिट्ठा-विश्व को दें.

य़े कुछ मुद्दे हैं जिनपर विचार करने की आवश्यकता है. हम मात्र मूक-दर्शक (फेंससिटर) बन कर नहीं रह सकते…

शेष फिर …… अगली पोस्ट में ..अभी तो चलें ऑफिस …

 

कल जब अपनी नयी प्रयोगात्मक पॉड्कास्ट को फाइनल टच दे रहे थे  कि कहीं से आवाज आयी.

का गजब हुआ जब लव हुआ ….. का गजब हुआ जब लव हुआ ..

गांव के गँवार छोरे को जब शहर की स्मार्ट लड़की से प्यार हो जाता है तो वो जैसे खुश होकर इधर उधर डोलता है वैसे ही कुछ अंदाज में जूता महाशय ने कमरे में प्रवेश किया. पिछ्लों  दिनों की घटनाओं से तो हम सोच बैठे थे कि जूता महाशय कहीं पिट पिटा रहे होंगे लेकिन उन को इस तरह देख कर घोर आश्चर्य हुआ. हम पौड्कास्ट के प्रयोग से काफी थक चुके थे फिर भी हमने पूछ ही लिया क्या हुआ महोदय बड़े खुश नजर आ रहे हो.

दो कारण हैं हमारे खुश होने के …एक तो ये कि तुम्हारी दुकान नहीं चल रही और दूसरी यह की हमारी दुकान चल निकली.

हम तो कुछ समझे ही नही थे इसलिये पूछ बैठे.

क्या मतलब ?

देखो तुम अभी ये ब्लौग का नया धंधा शुरु किया ना और फिर अपनी पूरी फैमिली को लेकर नया नया माल टिकाने की कोशिश कर रहा है ना … तो ना तो तेरा धंधा चल रहा और ना ही तेरा माल  बिक रहा .

बिक नहीं रहा.. मतलब ?

यही कि कितना लोग तेरे ब्लौग पे आता है….कितना हिट्स मिलता है तेरे को.

नहीं… लोग पढ़ते तो हैं ना.

खाक पढ़ते हैं ..अरे तेरे से ज्यादा हिट्स तो वो सैक्सी फोरवर्डेड पिक्चर चेपने वाले को मिल जाता है ..और वहां कमेंट्स भी मिलते हैं ढेरों . 

लेकिन वो तो सिर्फ  टाईम पास के लिये होता है और वहां तो लोग केवल टाइम पास के लिये ही जाते हैं.

तो तेरे ब्लौग को कौन सा लोग ज्ञान प्राप्ति के लिये पढ़ते हैं ..तू भी तो टाइम पास ही लिखता है..

लेकिन मैं तो ब्लौग के माध्यम से कुछ संदेश भी देना चाहता हूं.

वो तो तेरे को लगता है ना ..यदि तू अच्छा लिखता तो तेरा नाम भी ब्लौग की टी.आर.पी रेटिंग में होता ना.

देखो जूता महोदय …ना तो मैं हिट्स के लिये लिखता हूं ना ही किसी रेटिंग …

उसने मेरी बात को अनसुनी करते हुए कहा ..और तो और अब तेरे को अप्रगतिशील साहित्य की श्रेणी में भी डाल दिया जायेगा… तो क्या तू भी अब मेरे को छोड़ , कुत्ते पे लिखेगा ??  मेरा मजाक सा उड़ाते हुए आवाज आयी.

मेरे को कुछ भी समझ ही नहीं आ रहा था कि जूता महोदय क्या बोल रहे हैं किंतु उन्होने बोलना जारी रखा ..इस बार मजाक उड़ाने की नहीं बल्कि समझाने वाले अंदाज में ..

देखो चपड़गंजू तुम अभी ब्लौग-जगत में नये नये आये हो ..यहां भी फिल्मी जगत की तरह पहले से ही अमिताभ और शाहरुख बैठे हैं जिनके सिर्फ नाम से ही फिल्में बिकती हैं .तुम भी कुछ दिन यहां रहो अपना काम अच्छा करो ..फिर जब काम अच्छा होगा तो नाम भी होगा ..फिर लोग तुम्हें भी पढ़ेंगे..

उनकी बात अब कुछ कुछ समझ आने लगी थी…उसी समय एक कहानी भी याद आयी लेकिन वो बाद में ..अभी तो अपने वार्तालाप को ही आगे बढ़ाते हैं.

लेकिन आपकी दुकान कैसे चल निकली ..क्या आपकी जूती जी से सुलह हो गयी ..

सुलह ..अरे कलह हुआ ही कहाँ था जो सुलह होती..

लेकिन उस दिन तो आपका झगड़ा हो रहा था ना…

अरे किस पति पत्नी में झगड़ा नहीं होता .और फिर हम भारतीय पति-पत्नियों की यही तो खासियत है ना कि हम कितना भी झगड़ें ज्यादा देर एक दूसरे से अलग नहीं रह सकते ..

लेकिन वो आपकी प्रेमिका वाली बात पता चल गयी थी ना ..

हाँ उसको लेकर झगड़ा तो हुआ था पर हमने अपनी गलती मान ली और कान पकड़ लिये कि आगे से ऎसा नहीं होगा और जूती ने भी एक अच्छी भारतीय पत्नी की तरह हमें माफ कर दिया…बल्कि इस घटना के बाद तो हमारे रिश्ते और भी अच्छे हो गये हैं ..इसीलिये तो मैं शुरु में गाना गा रहा था ..का गजब हुआ….

ओ..इसलिये गा रहे थे ..हमने तो सोचा था…

..और हां जूती ने एक बात तेरे लिये भी बोली है कि तू अब सैंडल की बात नहीं मानेगा ….

मतलब…!!

मतलब ये कि ..तू ये जो मोटी-मोटी किताबें लेकर हमारा इतिहास-भूगोल खंगाल रहा है अब वह इतिहास नहीं लिखने का ..

अरे ..लेकिन मैने ये जो जानकारी जमा की है उसका क्या …

वो तो तू फिर कभी यूज कर लेना अभी तो इस एपिसोड को खतम कर…

ठीक है ठीक है ..लेकिन एक बात बताओ यार ( अब मैं थोड़ा खुल गया था ) तुम्हें तो अपने इतिहास के बारे में पता है ना…

ज्यादा तो नहीं ..बस इतना ही …कि हमारे जन्मदाता कोई आदिदास जी थे..

आप कहीं संत रैदास की बात तो नहीं कर रहे ना..

ना ..ना…वो आदिदास ..कहीं अंग्रेजी में पढ़ा था ..ADIDAS…

मेरे समझ में बात आ गयी और मैं मन ही मन हँसा और फिर मैने जूते महोदय से विदा ली…..

तो क्या करूं दोस्तो अब चुंकि वादा किया है इसलिये अब जूते का इतिहास तो फिर कभी लिखुंगा …अभी इतना ही …

Joota

 


जब पहली पॉड्कास्ट आप सब के सामने प्रस्तुत कर रहा था तो यह नहीं सोचा था कि इतने सारे लोग उस पॉड्कास्ट को सुनेंगे …पर आप द्वारा दी टिप्पणीयों से उत्साह वर्धन हुआ और आज लेकर आया हूं एक और पॉडकास्ट .

इस पॉड्कास्ट में मैने थोड़ा सा नया प्रयोग करने का प्रयास किया है.

पॉड्कास्ट यहां सुनें

इस पॉड्कास्ट में मेरी आवाज के अतिरिक्त मेरी एकमात्र पत्नी (अभी तक :-) ) और 4 माह के पुत्र की आवाज के साथ एक स्पेशल आवाज भी है .

अपनी टिप्पणीयों से उत्साह वर्धन करें.

 

सर की सूजन से कुछ आराम मिला ही था कि अचानक फिर सर बज उठा . हम सोचे ..कि अब क्यों सैंडल रानी हम पर बजी पर देखा तो सैंडल रानी नहीं बल्कि जूता महाशय थे …हमने उनसे पूछा कि भाई अब आपको क्या आपत्ति है .तो वो बोले कल आपने “जूते की प्रेमिका सैंडल रानी” क्यों लिखा अपने चिट्ठे पर .हमने कहा कि अरे ये तो जग जाहिर ही है कि….

वो बोले ये तुम्हारी दुनिया में जग जाहिर होगा हमारी दुनिया में नहीं .

हम बोले…लेकिन वो तुम्हारी प्रेमिका तो हैं ना ..

हाँ हैं लेकिन यह हमारी पत्नी जूती को नहीं ना मालूम ..

अब तो जैसे हमें सारी बात समझ में आ गयी ..हमने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए पूछा लेकिन ये बात तो बहुतों को नहीं पता कि जूती आपकी पत्नी हैं और फिर आपको कभी जूती के साथ देखा भी नहीं .

कैसे देखोगे!!… अक्सर लोग प्रेमिकाओं के साथ ही देखे जाते हैं. पत्नियों को तो घर की रसोई से ही फुरसत नहीं . इसीलिये तो आजकल कुछ प्रगतिशील महिलाओं द्वारा रसोई को घर से बाहर निकालने का अप्रगतिशील आंदोलन खड़ा किया जा रहा है .

हमने दिखने और विचारों में युवा किंतु उम्र में 12-13 साल बड़े ब्लौगर की तरह चिंता जताई. अरे रसोई बाहर हो जाएगी तो फिर घर में रस ही नहीं रहेगा .

भाड़ में जाओ तुम और तुम्हारा रस ..पीछे से आती ये आवाज जूती महोदया की थी.अरे क्या हम औरतें घर में रहकर सजने संवरने में ही दिन बिताऎं और तुम आदमी लोग फुरसत से ब्लौग पे ब्लौग लिखो वो भी इतने लंबे लंबे ..अरे अब हम लोगों ने भी सोचा है कि हम भी ब्लौग लिखेंगे.. पर क्या करें कहां से लायें समय ..इसीलिये बच्चों और पतियों के टिफिन के साथ छोटी छोटी कविताऎं ही पैक कर पाते है ..हम तो वोट देने जाते हैं तो भी बच्चों को ले के जाना पड़ता है..

हम जब तक रवीन्द्र नाथ टैगोर के किसी अंग्रेजी लेख का हिन्दी तर्जुमा सोचते वो फिर बोल उठी..

तुम लोग घर से बाहर निकल कर ना जाने कहां कहां मटरगस्तियां करते फिरते हो और हमें कभी घर से बाहर भी नहीं ले जाते ..ये नहीं कि कभी कोई पिक्चर ही दिखा दो . अब हमने भी पिलान बनाया है कि हम भी उ नई पिक्चर प्रोवोक्ड देखेंगी और उससे कुछ प्रेरणा लेंगी ….

हम लिखने तो बैठे थे जूते का भूत यानि इतिहास पर अब हमें जूते का (उज्जवल?) भविष्य नजर आने लगा. ..आगे क्या हुआ ..ये बताएगे बाद में… अभी तो चले ऑफिस ..

 

आज जीतू जी के अतीत की कथा सुनकर ब्लोग-नाद के बारे में पता चलाए .तो मेरी भी इच्छा हुई कि मैं अपनी आवाज रिकार्ड कर पोडकास्टिंग करूं .तो प्रस्तुत करता हूं मेरा पहला पोडकास्ट .

अभी ये केवल .mp3 में ही अपलोड कर पा रहा हूं.

पोडकास्ट यहां सुने .

अपनी टिप्पणी दें और कोई गलती हुई हो तो क़ृपया बताऎं..

 

जूतमबाजी जारी है..कोई सिले जूते की भाषा सुनते सुनते इतना पक गया है कि कहता है जूते की सुनो वो तुम्हारी सुनेगा कोई फटे जूते की व्यथा कथा कहते नहीं थक रहा. . लेकिन मजे की बात यह है कि ये तो कोई बता ही नहीं रहा जूते का इतिहास ,भूगोल ( आप चाहें तो और विषय भी जोड़ लें ) क्या है ? आज के युग में जूतमबाजी का क्या महत्व है ?… .जूता बिरादरी के अन्य सदस्य मसलन जूते की प्रेमिका सैंडल रानी , छोटी बहिन चप्पल और भी अन्य सदस्य जैसे जूती , बूट इत्यादि नाराज हैं कि ये भेदभाव क्यों ..अब कल ही सैंडल रानियों से पाला पड़ गया ..कैसे पड़ा ये तो बाद में बताऊंगा लेकिन उन्होने भी कल मेरे सर में अपनी छाप छोड़ने के बाद  ढेर सारा उपदेश दे डाला और सर का तबला कुछ ज्यादा ही देर तक बजाया ..मेरे विरोध करने पर कहने लगी कि तुम चिट्ठाकार केवल जूते की ही बात क्यों करते हो मैं इतनी सुंदर , सुशील ,स्लिम एंड ट्रिम हूं मेरे बारे में क्यों नही लिखते .हम गिड़गिड़ाकर बोले अरे अपन तो अभी इस ‘लाईन’ में नये नये आये हैं बहनजी ..आप शायद नही जानती कि जूतमबाजी के दंगल में उतरे दोनों खिलाड़ी धुरंधर खिलाड़ी हैं ..एक फुरसत से लिख्नने वाले इंसान हैं (उनके पास बहुत फुरसत है)  दूसरे इंडी-ब्लौग पुरस्कार प्राप्त … बात को काटकर फिर से सर में बजते हुए वो बोलीं कि फिर क्यों नारा लगाये फिरते हो कि “हम भी हैं लाईन में”....जब लाईन में हो तो लिखो हम पर ..और हाँ… हमारी हिस्ट्री पर भी लिखियो .. उन से ये वादा कर कि जरूर एक चिट्ठा लिखेंगे हम किसी तरह जान बचाकर भागे…तो पेश है ये चिट्ठा.. 

पर पहले ये तो बता दें कि कैसे हम सैंडल रानी के चुंगुल में फंस गये..

जब हमने चिट्ठाकारिता शुरू की तो कुछ ‘शुरुआती झटके’ लगे …. हुआ यूं कि हम इतने बड़े जुरासिक पार्क में पहली बार आये थे और एक साथ इतने सारे बड़े-बड़े लोगों को देख घबराहट में “ढैंचू- ढैंचू” चिल्लाने लगे .. ‘भाई’ लोग (कुछ दस्यु सुन्दरियां भी ) अपन को समझाये कि

” ढैंचू- ढैंचू ना चिल्लाओ ,

पढ़ो पढ़ाओ ,लाईफ बनाओ “

फिर एक भाई ने तो धमकी ही दे डाली कि नहीं सुनोगे तो ‘धूमकेतु” बना दिये जाओगे .हम तो पहले बहुत खुश हुए की चलो अब हम भी “धूम-2″ , “धूम-3″ की तरह धूम-केतू” बन कर इतिहास में जगह पा जाऎंगे पर जब असलियत समझ में आयी तो सारी ‘अभिलाषाऎं’ बहते पानी की तरह बह गयी और हम होश में आ गये जैसे एक बार हॉस्टल में पूरी तरह टल्ली होने के बाद जब सामने से प्रिंसिपल को आता देखा था तो सारी की सारी ‘ओल्ड मोंक”  पुराने  सन्यासी (ओल्ड मोंक) की तरह गायब हो गयी थी. होश में आने के बाद जब देखा तो ठाना .. कि अब तो बस हम चिट्ठों को पढ़ेंगे और उनसे अच्छे बच्चों की तरह अच्छी- बातें सीखेंगे …वैसे भी हिन्दी में अच्छी चीजों के ब्लौग उपलब्ध भी हैं.

फिर क्या था हम पढ़ने लगे और गुनने लगे.. 

अब हमने पढ़ा कि तू मेरी पीठ खुजा मैं तेरी पीठ खुजाऊं ..वो भी एक सुंदरी से.. तो भय्या बात गांठ बांध ली .. कल अपन जब बस स्टेंड पर खड़े होकर मरफी के नियमों से दो चार हो रहे थे तो अचानक पीठ में खुजली सी हुई ..अब पीठ को खुजली खुद तो दूर कर नहीं सकते थे तो पढ़ी हुई बात याद आ गयी और सामने खड़ी सुंदरी की पीठ खुजाने लगे इस आशा में कि वो हमारी पीठ खुजा देगी ..पर ये क्या उसने तो खुजाने की जगह हमारा सर बजा दिया…. ये थी हमारी सैंडल रानी से पहली मुलाकात ..

अब कसम खायी कि बातों को अक्ष:रक्ष ना समझ कर उनमें निहित अर्थ को समझेंगे ..और उसी पोस्ट को फिर से पढ़ा तो पता चला कि आजकल कि नयी पृथा के अनुसार सुन्दरियां “टिप्पणीयों” (कमेंटस)  से बहुत खुश होती हैं ..शाम को घर लौटते समय फिर एक बस स्टेंड पर एक सुन्दरी को देखा और उस को खुश करने की ठानी ..और कमेंट्स पर कमेंट्स देने शुरु किये ..वो पहले तो  सुनती रही ..हम सोचे कि खुश हो रही है अचानक वो घूमी और उसने भी हमारा सर बजा दिया…

अब तो हम को कुछ भी सूझना बंद हो गया और हमारे सर का सूजना शुरू हो गया…बात पल्ले नहीं पड़ी अब क्या गलती हो गयी हमसे ..आप को समझ आये तो बुझाना..    

लो हम भी बातों बातों में कहां आ गये.. अभी ज्यादा फुरसत नहीं है ..कल फिर लिखेंगें .. नहीं तो सैंडल रानी फिर बज गयी तो…

अभी तो आप ये सुनिये…

एक ग्राहक (फोटोग्राफर से)-  क्या आप मेरा ‘पासपोर्ट साइज’ का फोटो खींच सकते हैं, जिसमें मेंरा सिर और जूता दोनों नजर आए।

फोटोग्राफर- क्यों नहीं साहब, बस आप अपने जूते सर पर रखकर बैठ जाएँ।

बांकी कल…जरूर आईयेगा..

 

जुरासिक पार्क

कुछ दिनों पहले एक पोस्ट में पढ़ा था कि हिन्दी ब्लौगिंग वाले जैसे जुरासिक पार्क में रहते हैं . उसी से मिलता जुलता एक कार्टून आज मिला. आप भी देखिये .