प्रिंट मीडिया में आजकल हिन्दी चिट्ठाकारिता की बहुत धूम है.हाल ही में बालेन्दु जी का कादम्बिनी में छ्पा लेख तो आपने पढ़ा ही होगा. कथादेश में भी अविनाश जी का हिन्दी चिट्ठाजगत पर एक लेख हर माह छ्पता रहता है.समकाल में भी ऎसा ही लेख छ्पा था.कई ऎसे भी चिट्ठाकार हैं जिनके लेख भी पत्रिकाओं में छ्पते रहे हैं.पिछ्ले माह भी कुछ पत्रिकाओं में ऎसे ही लेख छ्पे.आइये आज बात करते हैं दो पत्रिकाओं की.

मीडिया विमर्शmedia_vimarsh मीडिया पर आधारित सामग्री प्रदान करने वाली हिंदी की  पत्रिका है जो कागज और वेब दोनों पर प्रकाशित होती है.जुलाई माह में इनके चिट्ठे पर एक पोस्ट आयी थी ‘रेडियो’ पर लिखें पारिश्रमिक के साथ. इस पोस्ट को पढ़कर कुछ चिट्ठाकारों ने रेडियो पर लिखा. हमें भी लगा कि लिखकर कमाई का यह अच्छा अवसर है.

इस पत्रिका के ताजा अंक में जो लेख छ्पे हैं उनमे जिन चिट्ठाकारों के लेख हैं वो है.

रविशंकर श्रीवास्तव , सृजन शिल्पी , राजीव रंजन प्रसाद और काकेश यानि मैं (हाँलाकि अभी पारिश्रमिक की प्रतीक्षा है).

भावी सत्ता एक और पत्रिका है जिसके संयोजक योगेश समदर्शी चलाते हैं. इस पत्रिका के ताजा अंक मेंbhaavi_satta भी कुछ  चिट्ठाकारों के लेख छ्पे हैं. वो सभी चिट्ठकार हैं अरुण अरोरा यानि पंगेबाज,समीर लाल यानि उड़न तश्तरी, कमल शर्मा यानि वाह मनी और गरिमा तिवारी.

लेख हैं.

1. बिहारी नहीं दक्षिण भारतीय अव्वल : पंगेबाज

2. कोई लौटा दे मेरे बीते हुए दिन : समीर लाल

3. जीवन को सुखद बनाने का ज्ञान : गरिमा तिवारी

4. कहाँ खो गया झुमरी तलैया : कमल शर्मा

 

तो चलिये लगे हाथ सब को बधाई देते चलें.बधाई जी बधाई.

 

5. कुछ प्रमुख अनुवादों की चर्चा

पिछ्ले अंक में हमने रुबाइयों के कुछ हिन्दी अनुवादों की चर्चा की. आज कुछ और अनुवादों की चर्चा करते हैं. हिन्दी के अलावा विश्व की लगभग सभी प्रमुख भाषाओं में उमर की रुबाइयों के अनुवाद हो चुके हैं. जिनमें जर्मन, रशियन, अफ्रिकन, इटेलियन, डच, थाइ, अल्बेनियन भाषा शामिल हैं. अनेक भारतीय भाषाओं में भी रुबाइयों के अनुवाद हुए हैं.

बांग्लादेश के राष्ट्र कवि काज़ी नजरूल इस्लाम ने रुबाइयों का बंगला में अनुवाद 1958 में  किया.ज्ञात रहे कि नजरूल की गेय रचनाऎ नजरुल गीतिका की नाम से काफी प्रसिद्ध हैं जैसे रवीन्द्र नाथ टैगोर की रचनाऎं रवीन्द्र संगीत के अंतर्गत गायी जाती हैं उसी तरह. नजरूल ने उमर की रुबाइयों को ओमार खैय्याम गीति के अंतर्गत रखा है. बंगला भाषा में ही मुहम्मद शहीदुल्लाह का अनुवाद 1942 में ‘रुबाईयत-ई-ओमार खैय्याम’ (Rubaiyat-i-Omar Khaiyam) नाम से प्रकाशित हुआ था.ज़फर सिकन्दर अबू का बंगाला अनुवाद 1966 में ‘ओमार खय्याम’ नाम से आया है. इसके अलावा भी बंगला में अनेक अनुवाद हुए जिसमे कांती घोष, नरेन्द्र देव और शक्ति चट्टोपाध्याय के नाम प्रमुख हैं.

परमहंस योगानंद जिनकी पुस्तक ‘एक योगी की आत्मकथा’(Autobiography of a Yogi )  काफी प्रसिद्ध है उन्होने भी “वाइन ओफ द मिस्टिक’ (Wine of the Mystic) के नाम से एक पुस्तक लिखी है जिसमें खैय्याम की रुबाइयों के आध्यात्मिक पक्ष को समझाया गया.यह किताब करीब 60 वर्ष पहले लिखी गयी थी. कुछ सालों पहले इसे “रुबाइयत ऑफ ओमार खैय्याम एक्स्प्लेन्ड” (Rubaiyat” of Omar Khayyam Explained) के नाम से फिर निकाला गया.

narayan_das_cover_page पंडित नारायन दास, जिनका पूरा नाम पंडित अज्जदा अदिभतला नारायन दास था Pandit Ajjada Adibhatla Narayana Das और जो हिन्दी ,तेलगू,संस्कृत ,फारसी समेत नौ भाषाओं के जानकार थे, भी उमर खैय्याम से बहुत प्रभावित थे. उनका मानना था कि फिट्जराल्ड का अनुवाद उमर की रुबाइयों के साथ पूरा न्याय नहीं करता. इसी बात को सिद्ध करने के लिये उन्होने संस्कृत और तेलगू दो भाषाओं में रुबाइयों का अनुवाद कर डाला.यह अनुवाद 1932 में छ्पा और इसे उस समय का बहुत बड़ा साहित्यिक योगदान माना गया.

(बांये किताब का मुखपृष्ठ)

नीचे पहली रुबाई का संस्कृत अनुवाद.narayan_das_1st_page

जी शंकर कुरुप ने 1932 में मलयालम में रुबाइयों का अनुवाद किया.

1946 में ओमार खैय्याम नाम की एक हिन्दी फिल्म भी आयी थी. मुरली पिक्चर्स द्वारा निर्मित इस फिल्म में के.एल.सहगल,सुरैया,वस्ती और बैंजामिन शाकिर की प्रमुख भुमिकाऎं थी. इसके निर्देशक थे मोहन सिन्हा और इसमें संगीत दिया था इकबाल मोहम्मद ने. इसके एक गाने के बोल मुझे बहुत पसंद हैं जो इस प्रकार हैं.

बेदर्द ज़रा सुन ले ग़रीबों की कहानी
खाना तो है खाना इन्हें मिलता नही पानी

मालामाल के बिछौने पे है तू ऐश में खोया
हमसाया तेरा रात को पत्थर पे है सोया
तू ख़ुश है मुसलमानों को आराम कहाँ है
बतला मेरे हमदर्द इस्लाम कहाँ है
दोज़ख को भुला क्यों शोलाफ़शानी
बेदर्द ज़रा सुन ले … 
——————————-

बीमार ग़रीबों के लिए बन के भिखारी
ऎ भाइयों आए हैं खिदमत में तुम्हारी
है कार-ए-सबब आँख अगर रहम की खोली
दाता भला हो भर दे फ़क़ीरों की झोली
इस शाम से पैदा करो सुबह सुहानी
बेदर्द ज़रा सुन ले … 

इस गाने को  सुरैया ने गाया था.

अन्य भाषाओं में भी उमर पर बहुत फिल्में बनी पर उन पर चर्चा इस लेख का हिस्सा नहीं है. कई चित्रकारों ने उमर की रुबाइयों पर अनेक पेंटिग्स भी बनायी. अंग्रेजी की अनेक किताबें नामी गिरामी चित्रकारों की पेंटिग्स के साथ छ्पी.   RubaiyatDula

Dulac2

 

ऊपर जो दो चित्र आप देख रहे हैं वो एडमंड डुलाक के चित्रों से भरपूर अंग्रेजी अनुवाद है. ये पुस्तक 1915 के आसपास प्रकाशित हुई थी. यह संस्करण अब तक का सबसे मंहगा और विशिष्ट संस्करण माना जाता है.

अगले अंक में चर्चा करेंगे मैथिलीशरण गुप्त और रघुवंश गुप्त के हिन्दी अनुवादों की…..

यह श्रंखला आपको कैसी लग रही है टिप्पणीयों से बतायें…

क्रमश:…………………………

श्रंखला के पिछ्ले लेख.

1. खैयाम की मधुशाला..

2. उमर खैयाम की रुबाइयों के अनुवाद..

3. मधुशाला में विराम..टिप्पणी चर्चा के लिये

Technorati Tags: उमर खैय्याम, मधुशाला, रुबाई, बच्चन, हरिवंश, फिट्जराल्ड, मदिरा, निशा निमंत्रण, पंकज उधास, umar khaiyym, Omar khaiyyam, madhushala, Fitzarald, bachchan

 

मधुशाला के निर्धारित क्रम को तोड़ते हुए आइये एक चर्चा करे पिछ्ले लेखों में हुई टिप्पणीयों पर.कुछ बहुत ही अच्छी टिप्पणीयां आयी जिंन्होने सोचने पर भी बाध्य किया और आगे लिखने के लिये प्रेरित भी. सबसे पहले राकेश जी का धन्यवाद जिन्होने डिजिटल लाइब्रेरी का पता बताया और मैं मैथिलीशरण गुप्त जी की पुस्तक को खोज सका. इसके कुछ अंश भी इस लेख में शामिल किये जायेंगे. तो शुरु करें चर्चा.

पहली पोस्ट पर अनिल रघुराज जी ने टिप्पणी की.

हमारे बच्चन साहब पूरी तरह खय्याम (तंबू बनाने वाले) थे और आठ सौ साल पुरानी रुबाइयों को पैबंद लगाकर पेश कर दिया?

अनिल जी खैयाम ने सबको तंबू (खेमा) बनाने वाला बना दिया और ना जाने कितने लोगों ने अपने अपने हिसाब से तंबू बनाये.एक जानकारी और देता चलूं.जैसे अपने देश में बहुत से शायर अपने नाम के आगे अपने शहर का नाम जोड़ लेते हैं वैसे ही फारसी कवि अपने काम के हिसाब से अपना उपनाम रख लेते थे जैसे अत्तार: इत्र बेचने वाला;अस्सार:तेल बेचने वाला,हमगर:कपड़े रफू करने वाला इत्यादि.

आलोक पुराणिक जी भी अपनी पुरानी यादों के खजाने से निकाल के कुछ

लाये.

मुझे याद पड़ता है कि पंकज उदास ने सिर्फ उमर खैयाम पर केंद्रित दो कैसेटों का एक संग्रह निकाला था। बहुत बढ़िया था।

ये दो कैसेट का सैट ‘रुबाई’ नाम से आया था. जिसके गायक-संगीतकार ‘पंकज उधास’ थे. गीत ‘जमीर काज़मी’ के थे. कैसेट में ज़मीर के अलावा ‘उमर खैयाम’ का नाम भी बतौर गीतकार के रूप में था.एक गीत के बोल कुछ इस तरह थे.

खोते न हों जो होश उन्हें घर बुला के पी pankaj-udhas-rybayee
या फिर बुतों को सामने, अपने बिठा के पी
बेहद ना पी, ना बोल बहुत, जोश में न आ
रुक रुक के पी, सुकून से पी, सर झुका के पी

दौलत है फ़क़त चार दिनों की पी ले
इज़्ज़त है फ़क़त चार दिनों की पी ले
है वक़्त शब-ओ-रोज़ तबाही की तरफ़
मोहलत है फ़क़त चार दिनों की पी ले

चलो पी लें के यार आये न आये
ये मौसम बार बार, आये न आये

गुलाबों की तरह तुम ताज़ा रहना
ज़माने में बहार आये न आये

ये सोचा है कि उसको भूल जायें
अब इस दिल को क़रार आये न आये

“ज़मीर” इस ज़िन्दगी से क्यूं ख़फ़ा हो
इसे फिर तुमपे प्यार आये न आये

ये दो कैसेटों का सैट शायद 1990 में आया था. जहां तक मुझे याद पड़ता है ये उस समय के हिसाब से काफी मंहगा था तकरीबन 45 रुपये का था. 

संजय पटेल ने कहा.

उमर ख़ैयाम के अलावा बच्चन जी की प्रथम पत्नी श्यामा के असामयिक निधन का दर्द भी शामिल है मधुशाला में.इसका ज़िक्र बच्चनजी की आत्मकथा क्या भूलूँ क्या याद करूँ में भी आया है.यदि मन्ना डे स्वरांकित और जयदेव द्वारा स्वरबध्द एलबम मधुशाला को सुना जाए तो उसके दूसरे भाग (जो शुरू हो तो है इस पंक्ति से..छोटे से जीवन में कितना प्यार करूँ,पी लूँ हाला,आने के ही साथ जगत में कहलाया जानेवाला)में भी युवावस्था में विदुर हुए बच्चन जी की पीड़ा सुनी जा सकती है.इसमें कोई शक नहीं कि मधुशाला पूरी तरह उमर ख़ैयाम की भावधारा से अनुप्राणित है लेकिन उसमें बच्चनजी जैसे वरिष्ठ काव्य हस्ताक्षर का कारनामा भी मौजूद है.

बहुत से लोगों का ये मानना  है कि मधुशाला में बच्चन जी की पत्नी श्यामा जी के निधन का दर्द भी शामिल था.लेकिन यह पूरी तरह गलत है. बच्चन जी ने मधुशाला की रचना 1933 में की थी. यह पुस्तक 1935 में प्रकाशित हो गयी थी. श्यामा जी की मृत्यू 1936 में हुई थी. अपनी पुस्तक निशा निमंत्रण की भूमिका में बच्चन ने इस बारे में विस्तार से लिखा है. लीजिये प्रस्तुत है कुछ अंश.

‘रुबाइयात उमर खैयाम’ से मेरा परिचय तो पुराना था पर अब वह मेरी परम प्रिय पुस्तक हो गई थी। रात को मेरे तकिए के नीचे रहती, दिन को मेरी जेब में। अपने ऊपर खैयाम के प्रभाव को मैंने इन पंक्तियों में स्वीकार किया है :

तुम्हारी मदिरा से अभिषिक्त
हुए थे जिस दिन मेरे प्राण
उसी दिन मेरे मुख की बात
हुई थी अंतरतम की तान

(आरती और अंगारे)

मैंने ‘रुबाइयात उमर खैयाम’ का अनुवाद कर डाला। खैयाम की दुनिया की रंगीनी ने मुझे इतना मोह लिया कि अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए भी मुझे सबसे उपयुक्त प्रतीक वे ही जान पड़े जिनकी ओर खैयाम ने संकेत किया था-हाला, प्याला, मधुशाला और मधुबाला।
1933-’34 में मैंने ‘मधुशाला’ लिखी।
1934’35 में मैंने ‘मधुबाला’ लिखी।

हर तूफान मन्द पड़ता है, हर नशा उतरता है। मेरी भावनाओं ने तीव्रतम स्थिति छू ली थी। वहाँ पर ज्यादा देर टिका रहना असम्भव था। जीवन का पहिया घूम गया- nisha_nimantran

गिर-गिर टूटे घट-प्याले,
बुझ दीप गए सब क्षण में,
सब चले किए सिर नीचे
ले अरमानों की झोली।
गूँजी मदिरालय भर में
लो चलो-चलो की बोली।
(मधुबाला)

अब वे मेरे गान कहाँ हैं !
टूट गई मरकत की प्याली,
लुप्त हुई मदिरा की लाली,

मेरा व्याकुल मन बहलानेवाले अब सामान कहाँ हैं ?
(निशा-निमंत्रण)

और उल्लास की चोटी से अवसाद के गहर में गिरकर मैंने हलाहल मरघट’ और ‘अतीत का गीत’ की प्रतिध्वनि से अपने को व्यक्त करना चाहा। (‘हलाहल’    पुस्तक-रूप में प्रकाशित हो चुका है। ‘मरघट’ और ‘अतीत का गीत’ दीमकों की जूठन के रूप में मेरे कागज-पत्रों में कहीं पड़े हैं।)
नियति का व्यंग्य कि जब मधुशाला टूट चुकी है और मधु का प्याला फूट चुका तब मुझसे मधु के गीत लिखने की कैफियत माँगी जाने लगी और क्षय के रोग में पड़े हुए मैंने इस प्रकार उत्तर दिया :

एक दिन मैंने लिया था काल से कुछ श्वास का ऋण,
आज भी उसको चुकाता, ले रहा वह क्रूर गिन-गिन;
ब्याज में मुझसे उगाहा है हृदय का गान उसने,
किंतु होने में उऋण अब शेष केवल और दो दिन;
गिर पड़ूंगा तान चादर सर्वथा निश्चिंत होकर,
भूलकर जग ने किया किस-किस तरह अपमान मेरा।

क्या किया मैंने, नहीं जो कर चुका संसार अब तक ?
वृद्ध जग को क्यों अखरती है क्षणिक मेरी जवानी ?

हैं लिखे मधुगीत मैंने ही खड़े जीवन-समर में।

(मधुकलश)

लेकिन नियति का व्यंग्य अभी पूरा नहीं हुआ था। मरण की प्रतीक्षा में मैं था। जीवन के पार क्या होगा, इसकी चिन्ता मुझे थी-इस पार, प्रिये, मधु है, तुम हो, उस पार न जाने क्या होगा ?-पर नियति को तो मरण से भी अधिक भयंकर एकाकीपन मेरे जीवन में लाना था।

न झिझका औ’ न हुआ भयभीत
न भागा ही लेकर के प्राण,
दिखा जब मुझको आता काल
कफन का ले हाथों में थान;
बढ़ाया पट जब मेरी ओर,
उठा, तैयार हुआ तत्काल,
निकट जो मेरे थे वरदान
दिया, पर, उसने उन पर डाल।

(हलाहल)

मेरी पत्नी श्यामा बीमार हो गई और दो सौ सोलह दिन चारपाई पर पड़ी रहकर, हमारे बचाने के सारे उपायों को विफल कर, उस पार चली गई।

‘गुलहजारा’ कविता की इन पंक्तियों में,
मृत्यु शैया पर पड़े अति
रुग्ण की अंतिम हँसी-सी,
यत्न करके लिख रही है,
एक लघु कलिका निराली।

(मधुकलश)

उसी का एक चित्र है :
उठा करता था मन में प्रश्न
कि जाने क्या होगा उस पार

निवारण करने में संदेह
मजहबी पोथे थे बेकार
चले तुम, पूछा हैं ! किस ओर !
कहा बस तुमने एक जबान
तुम्हें थी जिसकी खोज-तलाश,
उसी का करने अनुसन्धान।

(हलाहल)

मेरा ‘इस पार-उस पार’ गीत बहुत लोकप्रिय हुआ। शायद आज भी है, पर उसके पीछे जो दर्शन है, उसका अनुभव उन लोगों को नहीं होता जो मुझसे बार-बार इस गीत को सुनाने का अनुरोध करते हैं। कई लोगों ने इस कविता की पैरोडियाँ भी लिखी हैं। नियति ने मेरे साथ इतना बड़ा व्यंग्य किया था कि इन नटखट पैरोडियों पर दुखी होने के बजाय मैं मुस्करा दिया हूँ।

अन्त का इतना था विश्वास
विदा का लिख डाला था गीत,
कलेजे को हाथों से थाम
सुना करते थे मन के गीत;

गए थे वे तज मेरा साथ
मगर वह गीत लगा है संग,
ध्वनित हो बहु कण्ठों से आज,
किया करता है मुझ पर व्यंग्य।

(हलाहल)

1930 के अन्त से जो संघर्ष मेरे जीवन में आरम्भ हुआ था उस की चरम स्थिति 1936 के अन्त में श्यामा के देहावसान में पहुँची।

सत्य मिटा, सपना भी टूटा।

तो यह तो सत्य है कि मधुशाला में कवि का दर्द भी शामिल था लेकिन श्यामा जी तब तक जीवित थी पर बीमार थीं.सोचिये किन परिस्थितियों में हुई थी मधुशाला की रचना.

मैथिलीशरण जी की पुस्तक पढ़कर ज्ञान के नये द्वार खुल रहे हैं. शीघ्र ही हाजिर होता हूँ कुछ नया लेकर मधुशाला की अगली कड़ी में.

पसंद करने के लिये आप सभी का धन्यवाद.

पिछ्ली कडियां…….

1. खैयाम की मधुशाला..

2. उमर खैयाम की रुबाइयों के अनुवाद..

 

 

मेरी पिछ्ली पोस्ट पर शिव कुमार जी ने एक बेहतरीन हास्य रचना टिपियायी.कहीं वो छुप ना जाये इसलिये उसे पोस्ट में भी डाल रहा हूँ.लेकिन पहले एक बोनस रचना.ये भी शायद हुल्लड़ जी की ही है.

सुबह सबेरे ही देखा था,
लेकिन सपना भंग हो गया
प्रेम पत्र पर टिकट लगाया,
फिर भी वह बैरंग हो गया.
जिसको लिखना चाह रहे थे,
वो ही ग़ज़ल नही लिख पाए.
कभी शेर मे कमी रह गयी,
कभी काफ़िया तंग हो गया.

अब हुल्लड़ मुरादाबादी की ये कविता पढ़िये….

क्या बताये आपसे हम हाथ मलते रह गए
गीत सूखे पर लिखे थे, बाढ़ में सब बह गए

भूख, महगाई, गरीबी इश्क मुझसे कर रहीं थीं
एक होती तो निभाता, तीनो मुझपर मर रही थीं
मच्छर, खटमल और चूहे घर मेरे मेहमान थे
मैं भी भूखा और भूखे ये मेरे भगवान् थे
रात को कुछ चोर आए, सोचकर चकरा गए
हर तरफ़ चूहे ही चूहे, देखकर घबरा गए
कुछ नहीं जब मिल सका तो भाव में बहने लगे
और चूहों की तरह ही दुम दबा भगने लगे
हमने तब लाईट जलाई, डायरी ले पिल पड़े
चार कविता, पाँच मुक्तक, गीत दस हमने पढे
चोर क्या करते बेचारे उनको भी सुनने पड़े

रो रहे थे चोर सारे, भाव में बहने लगे
एक सौ का नोट देकर इस तरह कहने लगे
कवि है तू करुण-रस का, हम जो पहले जान जाते
सच बतायें दुम दबाकर दूर से ही भाग जाते
अतिथि को कविता सुनाना, ये भयंकर पाप है
हम तो केवल चोर हैं, तू डाकुओं का बाप है

 

पिछ्ले दिनों एक कार्यक्रम में जाना हुआ. वो कार्यक्रम एक किताब के विमोचन के अवसर पर रखा गया था. किताब चुंकि व्यंग्य संग्रह थी इसलिये तमाम व्यंग्यकारों को भी दावत दी गयी थी.दावत दी गयी थी मैने इसलिये लिखा कि छपे हुए निमंत्रण पत्र में नीचे हाथ से लिखा था कि कार्यक्रम के बाद आप मेरे निवास स्थान पर भोजन के लिये आमंत्रित हैं. निमंत्रण भेजने वाले खुद एक व्यंग्यकार थे और उन्ही की पुस्तक का विमोचन भी होना था तो हम उनका व्य़ंग्य समझ गये और घर में ये ताकीद करके गये कि मेरा खाना बना देना वरना घर में इस लिये उल्लास का माहौल था कि चलो एक दिन खाना कम बनाना पड़ेगा. खाना कम मतलब पच्चीस रोटी,जो कि खाकसार कि डाइट थी जब वह डाइटिंग में थे,कम बनानी पड़ेगी.कार्यक्रम व्यंग्यकारों का था और उसमें हम समेत अनेक ऎसे लोगों को बुलाया गया था जो इस खुशफहमी में थे कि वो व्यंग्यकार है जबकि दरअसल बुलाने  की वजह ये थी कि इसी खुशफहमी में सब लोग अपनी अंटी ढीली कर उनकी किताब तो खरीद ही लें.

निमंत्रणकर्ता ने कार्यक्रम वाले दिन फोन भी किया ये आश्वस्त करने के लिये कहीं मुझे उनकी चाल का पता ना चल जाये और मैं अपना जाना कैंसल ना कर दूँ. उन्होने विशेषकर यह भी बताया कि कार्यक्रम ठीक छ्ह बजे प्रारम्भ हो जायेगा आप समय से आ जायें. कार्यक्रम में मुख्य अथिति एक पूर्व मंत्री थे. मुझे इसी से समझ जाना चाहिये था कि कार्यक्रम साढ़े सात बजे से पहले चालू नहीं होगा फिर भी उनकी बात को रखने और अपने टाइम को पास करने के लिये मैं साढ़े छ:ह बजे मौकाये-वारदात पर पहुंच गया. वहां जाकर लगा कि देश सचमुच की तरक्की कर रहा है जहां हम जैसे मूर्खों की संख्या कम होती जा रही है. वहां मेरे अलावा कुल मिला के सात-आठ अन्य मूर्ख और थे उनमें से भी पांच-छ्ह आयोजक मंडली के सदस्य थे.

ऎसे मौकों पर जाते हुए मुझे हमेशा ड्रेस की समस्या होती है कि क्या पहनूं. टी-शर्ट जींस या कुर्ता-पायजामा. आमतौर पर ऎसे मौकों पर खादी के कुर्ता पायजामा और झोले का प्रचलन रहा है लेकिन आजकल एक तो खादी के बारे में लोग गांधी जयेंती के अलावा और किसी दिन बात करना पसंद नहीं करते दूसरे आजकल हिन्दी के तथाकथित साहित्यकार खादी के कुर्ता पायजामा को पिछ्ड़ेपन की निशानी मानते हैं. वैसे भी देश की आजादी के बाद नेताओं ने खादी के कुर्ता पायजामें की इतनी मट्टी पलीत की है कि आजकल आप खादी का कुर्ता पायजामा पहन कर निकल जाओ तो सामने कोई कुत्ता भी ना आये.हर कुत्ता अपने से बड़े कुत्ते से स्वभावत: डरता ही है. खैर मैं इसी उहापोह में था कि क्या पहनूं कि पत्नी जी ने कहा कि कुर्ता और जींस पहन लो. उन्हे इस बात का डर भी था कि कहीं मैं ड्रेस का चुनाव ना कर पाने की स्थिति में अपना कार्यक्रम बदल ना दूँ. मैने उनकी बात वैसे ही मान ली जैसे करुणानिधि की बात सरकार मान लेती है.

इधर मंत्री जी का कहीं नामोनिशान नहीं था.आयोजक महोदय ने माइक पर आकर कहा कि नॉर्मली हम आधे घंटे की लेट करते हैं लेकिन आज थोड़ा विलंब हो रहा है मंत्री जी बस पधारने ही वाले हैं. हम समझ गये कि अभी और एक घंटा लगना तय है. हम अपने आसपास की स्थिति परिस्थितियों का जायजा लेने लगे. क्या तो सुन्दर दृश्य था.लोग धीरे धीरे आना शुरु हुए. कोई किसी के गले मिलकर अपने झूठी प्रसन्नता दिखा रहा था कोई हाथ जोड़ के मन ही मन अगले को गाली दे रहा था. लोगों की मुख की प्रसन्नता और बढ़ती हुई तोंद इस बात की गवाही दे रही थी कि वो कितने बड़े साहित्यकार हैं. अपने चारों और व्यंग्य की इतनी बड़ी बड़ी फैक्ट्रियों को देख के मन गदगद हो गया. हमारे देश में इतना कुछ मसाला है कि इतने सारे व्यंगकारों की रोजी रोटी चल रही है. जीवन में पहली बार मुझे अपने नेताओं,टी वी चैनलों,फिल्मवालों,क्रिकेटरों को धन्यवाद देने का मन किया कि चलो किसी का भला तो उन्होने किया.मुझे लगा कि मैं जैसे व्यंग्य की बाढ़ के मध्य अपना तिनके का सहारा ढूंढ रहा हूँ. ‘संतो भाई आई व्यंग्य की आंधी’ वाली अवस्था थी.

देर सबेर मंत्री जी आये और उन्होने अपनी आदत के मुताबिक देरी के लिये क्षमा मांगी.फिर भाषणों का सिलसिला चालू हुआ. जैसा कि श्रद्धांजली सभाओं में होता है कि मरने वाले की तारीफ ही की जाती है वैसी ही परंपरा विमोचन समारोहों की भी है. इनमें विमोचित किताब की जम कर तारीफ की जाती है. लेकिन इस कार्यक्रम में कुछ और भी हुआ. किताब की तारीफ के साथ साथ दूसरों की बुराई भी की गयी.ये विमोचन की परम्परा में एक नया आयाम था.ये भी कहा गया कि हिन्दी में अच्छे व्यंग्य नहीं लिखे जाते. हिन्दी में अच्छे व्यंग्य उपन्यासों का अभाव है. सामने तथाकथित व्यंग्यकार बैठे थे फिर भी कहा गया कि अक्छे व्यंग्यकारों की कमी है.मंच पर विमोचित हो रही पुस्तक के लेखक भी बैठे थे.वो मंद मंद मुसका रहे थे.अपने दुश्मनों को गाली खाता देख जो शुकुन मन में होता है वैसा हे शुकुन उनके चेहरे पर पसरा था. वो सोच रहे थे मानों कह रहे हों कि देखो तुम्हें खाने का लालच देके बुलाया गया ,फिर गरियाया गया अभी तुमसे किताब भी खरिदवायी जायेगी. सब लोगों ने किताब की खूब तारीफ की. मंत्री जी ने माइक पर आ के उन्ही तारीफों को फिर से दोहराया. किताब के कुछ अंश पढकर सुनाये गये.जिन पर ना चाहते हुए भी सारे लोग हँसे.मंत्री जी ने सबकी आत्मा को उलाहना भी दिया कि हिन्दी के लोग खरीदकर किताबें नहीं पढ़ते.सबको अपराधभाव महसूस हुआ. ये कहते कहते कैमरे की लाइटों के मध्य किताब विमोचित हो गयी.

कार्यक्रम की समप्ति पर जैसे लोग चैन की सांस लेते होंगे वैसे ही हमने भी ली. मजबूत इरादे और अपनी आत्मा की इज्जत को बनाये रखने की खातिर हमने भी किताब खरीदने का निर्णय किया. किताब के काउंटर पर बहुत भीड़ थी.किताब के लिये मारामारी थी. एक बार फिर सिद्ध हो गया कि दुनिया में केवल हम ही मूर्ख नहीं थे. किसी तरह से एक किताब खरीदकर बिना खाना खाये हम भी घर आ गये. मन में शुकून था कि चलो किताब मिल गयी.

चिट्ठाजगत चिप्पीयाँ: हास्य व्यंग्य, काकेश, विमोचन, हिन्दी
 

पिछ्ले लेख में आपने उमर खैयाम और उनकी प्रसिद्ध रुबाईयों के बारे में जाना.अब आगे पढिये.

3. रुबाइयों के अंग्रेजी अनुवाद: उमर खैय्याम की रुबाइयों के कई अंग्रेजी अनुवाद हुए.लेकिन इन सभी अनुवादों में जो सर्वप्रमुख और सर्वप्रसिद्ध अनुवाद है वो है जॉन फिट्जराल्ड का. जॉन का पहला अनुवाद सन 1859 में आया उसके बाद इसी अनुवाद के कुल पांच संस्करण आये. पहला संस्करण  – 1859 ,दूसरा संस्करण  – 1868, तीसरा संस्करण  – 1872 , चौथा संस्करण  – 1879 और पांचवां संस्करण  – 1889 में आया. पहले चार संस्करण जॉन के जीवन काल में ही प्रकाशित हो गये थे. पांचवा संस्करण उनके मृत्युपरांत,उनके द्वारा छोड़ी गयी अधूरी पांडुलिपि से तैयार किया गया.

Rubaiyat अन्य प्रमुख अनुवादों में हैं एडवर्ड हैनरी विनफील्ड का अनुवाद जो उन्होने 1882-83 के दौरान अपना अनुवाद प्रकाशित किया. इसके अलावा भी रुबाइयों के कई अनुवाद हुए. इनके बारे में पूरी जानकारी आप अंग्रेजी में यहां देख सकते हैं.  

एक उदाहरण चार अनुवादों का देना चाहुंग़ा. ( इनमें से तीन किताबें मैने पुस्तकालय में पढ़ी है और कुछ पंक्तियां मेरी डायरी में नोट हैं उन्ही में से कुछ उदाहरण )

ये है फिट्जराल्ड की एक पंक्ति

Whether at Naishapur or Babylon,
Whether the Cup with sweet or bitter run,
The Wine of Life keeps oozing drop by drop,
The Leaves of Life keep falling one by one.

शायद उसी पंक्ति का अनुवाद एडवर्ड विनफील्ड द्वारा

When life is spent, what’s Balkh or Nishapore?
What sweet or bitter, when the cup runs o’er?
Come drink! full many a moon will wax and wane
In times to come, when we are here no more.

आर्थर टालबोट जिनकी किताब 1908 में प्रकाशित हुई. उसी पंक्ति का अनुवाद.

Who cares for Balkh or Baghdad? Life is fleet;
And what though bitter be the cup, or sweet,
So it be full? This moon, when we are gone,
The circling months will day by day repeat.

रिचर्ड ब्रॉडी की किताब 2001 में आयी जिसे अभी तक किसी पुस्तकालय में खोज नहीं पाया.इस किताब की कुछ पंक्तियां नैट पर कभी मिली थीं.

If  People one safe happy Zenith know,
Or trapped by Hell with Woe in Terror be;
Ah, the bubbly River of our fleeting Weeks
Doth flow unceasing there into the Sea

आप देखंगे कि ब्रॉडी का छ्न्द विधान उमर के छंद की तरह नहीं है.बांकी तीनो ने उमर के छंद को ही रखा है.

4. रुबाइयों के हिन्दी अनुवाद.

अन्य भाषाओं की तरह हिन्दी में भी रुबाइयों के कई अनुवाद हुए. जिनमें कुछ अनुवाद बच्चन जी की मधुशाला के पहले के हैं और कुछ बाद के. बच्चन जी की मधुशाला 1935 में छ्पी थी.उस बारे में चर्चा बाद में.

हिन्दी में सबसे पहला अनुवाद शायद पंडित सूर्यनाथ तकरू द्वारा किया गया था. 1931 में पंडित गिरिधर शर्मा नवरत्न ने भी रुबाइयों का अनुवाद किया जो नवरत्न-सरस्वती भवन, झालरापाटन से छ्पा था. पंडित जी ने रुबाइयों का संस्कृत अनुवाद भी किया जो 1933 में छ्पा था. 

राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त ने सन 1931 में उमरखैयाम की रुबाइयों का अनुवाद किया था. यह पुस्तक रुबाडयात उमर खय्याम के नाम से कानपुर के प्रकाश पुस्तकालय से प्रकाशित हुई थी.इस किताब को भी मैने ढूंढने की कोशिश की लेकिन नहीं मिली. कानपुर में माल रोड में पहले एक दुकान हुआ करती थी जहां हिन्दी की अधिकतर किताबें मिल जाया करती थी. वहां इस किताब के बारे में पता करने पर मालूम हुआ कि ये आउट ऑफ प्रिंट है लेकिन इसको जल्दी ही छपवाया जायेगा. ये बात आज से करीब 12-13 साल पहले की है. पता नहीं कि ये दुबारा छपी या नहीं.

1932 के आसपास पंडित केशव प्रसाद पाठक का हिन्दी अनुवाद आया.ये इंडियन प्रेस लिमिटेड जबलपुर से आया था. 1932 में ही पंडित बलदेव प्रसाद मिश्र का अनुवाद प्रकाशित हुआ, जो मेहता पब्लिशिंग हाउस, सूत टोला, काशी से छ्पा था. हिन्दी साहित्य भंडार, पटना से 1933 में डॉक्टर गयाप्रसाद गुप्त का अनुवाद भी छ्पा.

इसके अलावा मुंशी इक़बाल वर्मा ‘सेहर’ ने रुबाइयों का अनुवाद किया जो इंडियन प्रेस,प्रयाग से छ्पा. ये अनुवाद मूल फारसी से किया गया था. लखनऊ के पं. ब्रजमोहन तिवारी के अनुवाद भी कुछ पत्रिकाओं में छ्पे थे. 1940 में अल्मोड़ा के तारा दत्त पांडे ने भी रुबाइयों का कुमांउनी में अनुवाद किया.बाद में चारु चन्द्र पांडे ने इस पुस्तक का कुमाउंनी से हिन्दी में अनुवाद किया. ये किताबे इस साल फिर से प्रकाशित की जानी है. प्रकाशित होते ही आपको इनके बारे में भी बताऊंगा.

1938 में श्रीयुत रघुवंश लाल गुप्त का अनुवाद,किताबिस्तान,प्रयाग से प्रकाशित हुआ.1939 में जोधपुर के श्रीयुत किशोरीरमण टंडन ने भी एक अनुवाद किया.पंडित जगदम्बा प्रसाद ‘हितैषी’ ने बहुत दिनों से रुबाइयात उमर खैयाम के ऊपर काम किया और उनकी पुस्तक का नाम शायद ‘मधुमन्दिर’ था.

1948 में भारती भंडार,प्रयाग द्वारा सुमित्रानंदन पंत का अनुवाद प्रकाशित हुआ. जो “मधुज्वाल” के नाम से प्रकाशित हुआ था. इस की विस्तृत चर्चा हम आगे करेंगे.  

क्रमश: ……

 

मधुशाला शब्द सुनते ही मस्तिष्क में एक ही नाम उभरता है और वो नाम है श्री हरिवंश राय बच्चन का. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बच्चन की मधुशाला मूलत: पारसी भाषा की रचना से प्रेरित है और मूल रचना का रचनाकाल बच्चन की मधुशाला से आठ सौ वर्ष पहले का है. जी हाँ! बच्चन की मधुशाला उमर खैयाम की रुबाइयों से प्रेरित है. उमर खैयाम की रुबाइयों के कई अनुवाद विभिन्न भाषाओं में हुए जिसमें हिन्दी में भी कई अनुवाद हुए.

मैं कई दिनों से मधुशाला पर एक विस्तृत लेख लिखने की योजना बना रहा था क्योकि मुझे भी मधुशाला का चस्का काफी पहले लग गया था लेकिन समयाभाव के कारण मामला टलता ही जा रहा था.अब सोचा कि लिख ही डालूँ और बैठ गया लिखने. हम इस लेख में उमर खैयाम के जमाने की बात से आधुनिक रूप में मधुशाला की बात करेंगे.कुछ प्रमुख अनुवादों की चर्चा भी हम इस लेख में करेंगे.

लेख का अनुक्रम कुछ ऎसा होगा.

1. उमर खैयाम का जीवन परिचय
2. उमर खैयाम की रुबाइयां(Rubaiyat of Omar Khayyam)
3. रुबाइयों के अंग्रेजी अनुवाद
4. रुबाइयों के हिन्दी अनुवाद
5. कुछ प्रमुख अनुवादों की चर्चा
6. मधुशाला और मधुज्वाल
7. कुछ अन्य अनुवाद
8. मधुशाला एक गेय रचना
9. मैं और मेरी मधुशाला

तो आज शुरु करते हैं पहला भाग.

1. उमर खैयाम का जीवन परिचय.

Umer1 उमर खैय्याम (कुछ लोग ओमार खैय्याम भी कहते हैं) का जन्म 18 मई 1048 को पर्शिया या फारस (जिसे अब ईरान कहा जाता है) में हुआ था.मूल जन्म स्थान निशापुर था जिसका जिक्र उनकी शायरी में कई बार आया है.उनका पूरा नाम ग़ियाद अल-दिन अबुह फतेह उमर इब्न अब्राहिम अल खय्यामी था.खय्याम का शाब्दिक अर्थ होता है “तंबू बनाने वाला” .

ज्ञान का तंबू सीकर के वो
कहलाया  खैय्याम.
जीवन दुख की भट्ठी में जल,
तप कर निखरा वो,  
पर जीवन रेखा को काट
भाग्य ने बेच दिया
आशा के हाथों उसे
बेदाम.

Khayyam, who stitched the tents of science,
Has fallen in grief’s furnace and been suddenly burned,
The shears of Fate have cut the tent ropes of his life,
And the broker of Hope has sold him for nothing!

खैय्याम केवल शायर ही नहीं थे वरन एक भौतिक विज्ञानी, गणितज्ञ,खगोलशास्त्री और दार्शनिक भी थे. उमर खैय्याम अपने जीवन में अधिकतर निशापुर और समरकंद में ही रहे हाँलाकि उनका बचपन का कुछ हिस्सा बाल्ख (अफगानिस्तान) में भी बीता.तत्कालीन राजनीतिक परिवेश का प्रभाव खैय्याम पर भी पड़ा. उनकी शिक्षा दीक्षा मोवाफ्फ़क निशापुरी के निर्देशन में हुई जो उस समय के जाने माने शिक्षकों में एक थे. 

उमर खैय्याम ने एक गणितज्ञ के रूप में बीजगणित के अनेक नये सिद्धांतों का प्रतिपादन किया.उन्होने कुछ पुस्तकें भी लिखी जिसमें उन्होने पास्कल और युक्लिड के सिद्धांतों को सरलीकृत किया. उनके द्वारा प्रतिपादित सिद्धांतों को यूरोप में खूब सराहा गया. बीजगणित के अलावा उन्होने ज्यामिति (geometry) में भी योगदान दिया.

अपने समय के अन्य गणितज्ञों की तरह उमर खैयाम भी खगोलविद्या में पारंगत थे. उन्हें तत्कालीन सम्राट ने अन्य वैज्ञानिकों के साथ मिलकर एक वेधशाला (Observatory ) बनाने को भी आमंत्रित किया था. उमर और उनके साथियों ने मिलकर उस समय एक सौर वर्ष की अवधि का निर्धारण भी किया था.जो काफी हद तक आज के मानक के करीब था.उन्होने तत्कालीन पारसी कैलेंडर में भी काफी सुधार किये.उनके द्वारा सुधारा गया कैलेंडर उस समय के सुल्तान मलिक शाह ने आधिकारिक कैलेंडर के रूप में स्वीकृत किया था.उमर द्वारा तैयार कैलेंडर ही आज के ईरानी कैलेंडर का आधार रहा है जो अभी भी ईरान और अफगानिस्तान में प्रयोग में लाया जाता है. 

एक शायर के रूप में उमर खैय्याम अपनी रुबाइयों से पहचाने गये. शायर के रूप में उन्हे इतनी पहचान मिली कि लोग भूल गये कि वे शायर के अलावा भी कुछ थे. उनके द्वारा रुबाइयों का अंग्रेजी में अनुवाद जान फिटजराल्ड अपनी बहुचर्चित पुस्तक “द रुबाइयत ऑफ उमर खैय्याम “ (The Rubáiyát of Omar Khayyám) में किया था. इस अनुवाद के अलावा अन्य अनुवादों की चर्चा भी हम इस लेख में करेंगे.

2. उमर खैयाम की रुबाइयां.

उमर खैय्याम ने अपनी रुबाइयां पारसी भाषा में लिखी थीं. अपनी काव्य रचनाऑं में उमर ने एक विशेष छंद का प्रयोग किया जो उमर खैय्याम की रुबाई के नाम से जाना जाता है. रुबाई मूलत: चार लाइन की कविता होती है (‘रुबाइयत’ ,’रुबाई’ का उर्दू में बहुवचन है अर्थात एक से अधिक रुबाई या रुबाइयां) .चार लाइन की कविता अनेक तुकों में हो सकती है पर उमर ने जिस तुकबंदी का प्रयोग किया है वह है सम-सम-विषम-सम. यानि पहली ,दूसरी और चौथी पंक्ति एक ही तुक पर समाप्त होनी चाहिये. इसी छंद का प्रयोग फ़िटजराल्ड ने अपनी अंग्रेजी अनुवाद में किया और बच्चन ने भी मधुशाला में यही छंद प्रयोग किया है.

And, as the Cock crew, those who stood before
The Tavern shouted-”Open then the Door!
“You know how little while we have to stay,
“And, once departed, may return no more.”

मदिरालय जाने को घर से चलता है पीनेवाला,
‘किस पथ से जाऊँ?’ असमंजस में है वह भोलाभाला,
अलग-अलग पथ बतलाते सब पर मैं यह बतलाता हूँ -
‘राह पकड़ तू एक चला चल, पा जाएगा मधुशाला

उमर खैय्याम की रुबाइयां आपको सूफीज्म,जीवन की नश्वरता,रहस्यवाद की ओर ले जाती हैं.कुछ लोगों का मानना है कि उमर स्वय़ं भी सूफी परंपरा से प्रेरित थे.यह भी बहस का विषय रहा है कि उमर अपनी रुबाइयों के माध्यम से मदिरापान के समर्थन में बोलते हैं या विरोध में.

आगे की चर्चा अगले अंक में करेंगे….

 

हाय…!

हाय…!!

कैसी हो ?

आइ एम फाइन…अच्छी हूँ….

सो यू आर कमिंग ना…?

हाँ प्लान तो कर रही हूँ..बट तुमने बताया नहीं कि आज हॉलीडे क्यों है…?

अरे सम फादर ..गॉडफादर का बर्थडे है…

ओ…तुम्हारे फादर का बर्थडे है…!!

अरे नहीं यार देश के फादर का बर्थडे है..

देश के फादर ..व्हाट डू यू मीन… ??

अरे सम गांधी यार…उनका बर्थ डे है…

ओ ..सोनिया ..नो यार वो फादर कैसे हो सकती है ( हँसी) ..हाउ सिली..

हाउ क्यूट .. !! अरे वो बापू है ना ..वो यार संजय दत्त वाले…

ओ..या.. वो गांधीगिरी जो करते थे ना…

हाँ हाँ वही….

बट उनके बर्थ डे पे छुट्टी क्यो?

आइ डॉंट नो यार ..बट समबडी वाज टैलिंग ही इज ए ग्रेट मैन…

रियली यार…ईवन आई लाइक हिम.. सारी की सारी फिल्में उसकी बहुत अच्छी हैं.. वो मुन्नाभाई एम बी बी एस इज माय फैवरिट..

नो आइ एम टॉक़िंग ऑफ बापू….

ओ ………इवन बापू इज ए ग्रेट मैन … ?? दिस इज ए न्यूज टू मी…

अरे तभी तो आज हॉलीडे है ना..

ओ ..या…बट ..व्हाई ही इज ग्रेट..

अरे वो घर में चरखा चलाके सूत कातते थे ना…

व्हाट ‘चरखा’ ..व्हाट ‘सूत’… कांट यू स्पीक इन प्रॉपर हिन्दी और इंगलिश …

अ..अ..अ..आई मीन वो यार्न बनाते थे यार… फिर उसी से फैब्रिक भी बनाते थे…

सो व्हाट ..ईवन माइ डैड डज दा सेम…उनकी भी तीन चार मिल्स हैं फैब्रिक की….

और वो कपड़े भी कम पहनते थे…

दिस इज नॉट डन…कितनी तो बॉलीवुड की हिरोइन कम कपड़े पहनती है… इवन ..मैं भी कितने कम पहनती हूँ…

बट …वो सुबह सुबह रामधुन भी गाते थे..

ओ..इट मीन ही वाज ए ग्रेट सिंगर…??

नोट ओनली सिंगर बट ….बट ..उनके पास तीन बंदर भी थे…

यू मीन मॉंकीज (monkeys)…

या….

हाउ स्वीट…

या…एंड जितने भी रुपये हमारे इंडिया के हैं ना…उनमें भी जो फोटो है ना वो बापू की फोटो है….

ओ ग्रेट ..ही मस्ट भी हैविंग ए प्रिंटिग प्रेस…

मे बी..एंड यू नो व्हाट … उन्होने साल्ट भी बनाया था….नमक…

ग्रेट…

एंड ही यूज तो कैरी ए स्टिक आलसो..यू नो लाठी…

या….

ही यूज टु मॉटीवेट पीपल…

लाइक मैनेजमैंट गुरुज…??

या…

ही वाज रियली ए वर्सेटाइल पर्सनालिटी….मैं भी डैड को बोलुंगी ये सब काम करने को…

दैट्स गुड..हू नोज कि कल को डैड भी ऎसे ही ग्रेट हो जायें…

हाँ यार ..फिर एक छुट्टी और मिल जायेगी…(हँसी)

(हँसी)..तो यू आर कमिंग ना..

डैफिनिटली…

सो सीयू दैन …

बाय……….

बाय…

चिट्ठाजगत चिप्पीयाँ: हास्य व्यंग्य, काकेश, गान्धी, हिन्दी

© 2012 काकेश की कतरनें Suffusion theme by Sayontan Sinha